टोरंटो, 08 मई 2026 : कनाडा में एक और पंजाबी युवक को जबरन वसूली से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय जसकरण सरोए के रूप में हुई है, जिसे जल्द ही डिपोर्ट किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार जसकरण पर 13 अप्रैल 2026 को एक घर पर फायरिंग करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह हमला कथित तौर पर फिरौती वसूली के मकसद से किया गया था। हालांकि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
सरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन की पहचान की, जिसके बाद एक्सटॉर्शन रिस्पांस टीम ने वारंट हासिल कर लोअर मेनलैंड डिस्ट्रिक्ट इमरजेंसी रिस्पांस टीम और अन्य पुलिस टीमों की मदद से एक घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान जसकरण सरोए को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में भेज दिया गया है और उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई का इंतजार किया जा रहा है। मामले की अगली सुनवाई 12 मई को होगी।
जांच अधिकारियों के अनुसार जसकरण सरोए विदेशी नागरिक है और उसके पास कनाडा में रहने का कोई वैध कानूनी दर्जा नहीं है।






