चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया है। मीडिया से बातचीत के दौरान विज ने कहा कि *“कांग्रेस को अब रोने के स्कूल खोल लेने चाहिए और राजनीति नहीं करनी चाहिए, क्योंकि बिहार में जो दुर्गति हुई है, उससे कांग्रेस को सबक लेना चाहिए।”*
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव ने साफ सिद्ध कर दिया है कि विपक्षी दलों का जनाधार तेजी से घट रहा है। विज के अनुसार, “भाजपा हरियाणा में जीती, दिल्ली में जीती, बिहार में भी जीत हासिल की और अब बंगाल की तैयारी है।”
यह बयान तब सामने आया जब मीडिया ने उनसे कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र के उस आरोप पर प्रतिक्रिया मांगी, जिसमें उन्होंने बिहार चुनाव में वोट चोरी की बात कही थी। इस पर विज ने जवाब दिया कि राहुल गांधी को राजनीति छोड़कर मछलियां पकड़ने का काम शुरू कर देना चाहिए, क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने तालाब में कूदकर मछलियां पकड़ने की कोशिश भी की थी।
“बिहार की जनता का अपमान कर रही कांग्रेस” – विज
जब पत्रकारों ने पूछा कि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिहार का चुनाव उत्तर कोरिया और चीन की तरह एकतरफा हो गया है, तो अनिल विज ने कहा कि ऐसा कहना बिहार की जागरूक जनता का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक नेताओं को पूरा मौका मिला, सभी ने अपने भाषण, वादे और घोषणाएं कीं, और जनता ने सब कुछ सुनने के बाद ही मतदान किया।
विज ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले को सलाम करना चाहिए और उसे नमस्कार करना चाहिए। जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि उसे कांग्रेस और महागठबंधन पर भरोसा नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि *“इनको अब अपनी दुकान बंद कर लेनी चाहिए।”*






