चंडीगढ़ (पंजाब), 30 मार्च 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुमन ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक बल देते हुए विभिन्न दलों के करीब तीन दर्जन सरपंचों, पंचों और वरिष्ठ नेताओं को पार्टी में शामिल कराया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी में शामिल होने वालों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पंजाब उपाध्यक्ष (SC विंग) साहिब सिंह छज्जलवड्डी और जिला महिला कांग्रेस (अमृतसर ग्रामीण) की अध्यक्ष सरबजीत कौर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता शामिल हैं। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने भी AAP का दामन थामा।
ओएसडी राजवीर सिंह घुमन ने सभी नेताओं को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल करवाया। नए शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वे भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर AAP में शामिल हुए हैं। इस अवसर पर पंजाब खादी वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन गगनदीप सिंह आहूवालिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इसी बीच, आम आदमी पार्टी ने केरल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान प्रमुख रूप से शामिल हैं।
अन्य प्रमुख नेताओं में मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, सांसद संदीप पाठक, हरभजन सिंह और गुरमीत सिंह मीत हेयर शामिल हैं।
सूची में शैली ओबेरॉय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय और इमरान हुसैन जैसे नेता भी शामिल हैं। गुजरात से इसुदान गढ़वी और गोपाल इटालिया को भी प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।
गौरतलब है कि केरल और असम में विधानसभा चुनाव 9 अप्रैल को एक चरण में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के तहत संपन्न होगी।






