चंडीगढ़, 30 मार्च 2026 : शिरोमणि अकाली दल (बादल) को आज बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब पार्टी के मीत प्रधान और खरड़ से शिरोमणि कमेटी सदस्य चरणजीत सिंह कालेवाल ने अकाली दल छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान कर दिया। वह खालसा कॉलेज चंडीगढ़ सोसाइटी के सदस्य भी रह चुके हैं।
इस मौके पर BJP के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कालेवाल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी को पंजाब में और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता BJP से जुड़ रहे हैं।
इसी दौरान तरनतारन से शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय मीत प्रधान रमनदीप सिंह भरोवाल और नकोदर से समाज सेवक व यूथ अकाली दल के पूर्व महासचिव अवतार सिंह कामेवाल भी अपने साथियों सहित BJP में शामिल हो गए।
इन नेताओं के एक साथ पार्टी छोड़ने को अकाली दल के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है। इस अवसर पर BJP के प्रवक्ता वनीत जोशी भी मौजूद रहे।






