कोलंबिया, 24 मार्च 2026: सोमवार को कोलंबिया में वायुसेना का एक सैन्य विमान उड़ान भरते समय हादसे का शिकार हो गया, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई। विमान में कुल 125 कोलंबियाई सैनिक सवार थे। यह दर्दनाक हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइज़ामो में हुआ।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अब तक 34 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुतुमायो प्रांत के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने स्थानीय न्यूज आउटलेट काराकोल नोटिसियास को बताया कि मृतकों में से 21 की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने जानकारी दी कि वायुसेना का हरक्यूलिस C-130 विमान उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान रनवे से करीब 1.5 किलोमीटर दूर जाकर गिरा।
प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना कोलंबिया के सैन्य इतिहास की बड़ी दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है।






