चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) के तहत चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्य में लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आज कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधीन आने वाले तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार, नवीनीकरण और सौंदर्यकरण से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री के ओएडी बी.B. भारती, अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार सहित KDB के सदस्य व अधिकारी मौजूद रहे।
ब्रहमसरोवर और ज्योतिसर के कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरे करें
मुख्यमंत्री सैनी ने निर्देश दिए कि ब्रहमसरोवर और ज्योतिसर तीर्थ से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर मेला शुरू होने से पहले पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में बदलाव से पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। विकास कार्य शुरू करने से पूर्व ड्राइंग तैयार करना और निश्चित समय सीमा तय करना भी जरूरी है।
भौर सैंदा तीर्थ पर जल्द शुरू हों घाट और चित्रकारी के कार्य
पेहवा स्थित भौर सैंदा तीर्थ के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने घाट निर्माण और दर्शकों के लिए चित्रकारी एवं पेंटिंग कार्य जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि KDB के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा के लिए अगली बैठक जल्द आयोजित की जाएगी।
मगरमच्छ निकलने का मामला गंभीर, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री सैनी ने भौर सैंदा तालाब से मगरमच्छ निकलने के संवेदनशील मामले पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस पूरे मामले की जांच अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार को सौंपी गई है।
जिंद के पांडु पिंडारा तीर्थ स्थल के कार्यों की भी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने जिंद के पांडु पिंडारा तीर्थ पर चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। साथ ही, 182 तीर्थ स्थलों पर महाभारत श्लोकों की महिमा पट्टिकाएं लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों से स्पष्ट है कि सरकार प्रदेश के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा विकास को लेकर गंभीर है और किसी भी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






