शिकायतों की होगी नियमित मॉनिटरिंग, आवेदनों को किया जाएगा ट्रैक
टोहाना, 9 जून आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपमंडल लघु सचिवालय टोहाना में प्रशासन द्वारा हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिक विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे तथा किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत दर्ज करवाने हेतु आवेदन टाइप करवाकर जमा करा सकेंगे। इस सुविधा के लिए नागरिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एसडीएम आकाश शर्मा ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज करवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को शिकायत की रसीद उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों की नियमित रूप से ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग भी की जाएगी, ताकि उनका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित हो सके। प्रशासन संबंधित विभागों से लगातार फॉलोअप कर शिकायतों की प्रगति पर नजर रखेगा।
ऑनलाइन आवेदन, शिकायत पंजीकर
ण व आवेदन टाइपिंग की मिलेगी निःशुल्क सुविधा
एसडीएम ने कहा कि लघु सचिवालय परिसर में कार्यरत कोई भी टाइपिस्ट सेवाओं के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक राशि नहीं वसूल सकता। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लघु सचिवालय में विभिन्न सेवाओं की निर्धारित सरकारी फीस की सूची प्रमुख स्थानों पर चस्पा की जाएगी। उन्होंने सभी टाइपिस्टों को भी अपने कार्यालयों में यह शुल्क सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।






