अमृतसर 13 जून 2026: अमृतसर के महिता थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो हेरोइन, एक .30 बोर पिस्टल तथा 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
थाना प्रभारी (एसएचओ) महिता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एसआई बलविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो हेरोइन, एक .30 बोर पिस्टल और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पहले भी हेरोइन और हथियारों की तस्करी से जुड़ा रहा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी के पास बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ और अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं तथा नशे और हथियारों की तस्करी के नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही है।
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आम आदमी पार्टी (आप) के युवा नेता के रूप में भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी राजनीतिक पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।






