अमृतसर, 2 जून 2026: विधानसभा क्षेत्र राजासांसी के गांव भिट्टेवड्ड में एक किसान के पराली बेलर को बिजली की नीची लटकती तारों के कारण भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
पीड़ित किसान सरबजीत सिंह ने बताया कि गांव में बिजली की तारें काफी नीचे से गुजरती हैं, जिसके बारे में वह पहले भी कई बार बिजली विभाग और अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर को शिकायत दे चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि इन नीची तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन संबंधित विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। अब इसी लापरवाही के चलते उनका बेलर आग की चपेट में आ गया और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसान ने बताया कि घटना के तुरंत बाद गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उनकी मदद की, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण समय पर सहायता के लिए न पहुंचते तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसान और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में नीची लटक रही बिजली की तारों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।