समराला, 31 मई 2026 : समराला के निकट माछीवाड़ा रोड पर गांव बालियो के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और छोटा भाई घायल हो गए। हादसा एक तेज रफ्तार क्रेटा कार द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारने से हुआ।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हरजोत सिंह (11) निवासी गांव पवात के रूप में हुई है। हरजोत अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव चहेला में एक पारिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गांव बालियो के निकट एक क्रेटा कार ने यू-टर्न लेते समय उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक के पिता तरलोचन सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ गांव पवात से गांव चहेला जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका बड़ा बेटा हरजोत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को समराला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टर दविंदर पाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें तरलोचन सिंह (35), उनकी पत्नी परमजीत कौर (31), बेटा हरजोत सिंह (11) और छोटा बेटा जसकरण सिंह (9) शामिल हैं। जांच के दौरान हरजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।