Saturday, June 6, 2026
HomeNationalदिल्ली के साकेत में पांच मंजिला इमारत ढही, दो की मौत; मलबे...

दिल्ली के साकेत में पांच मंजिला इमारत ढही, दो की मौत; मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

नई दिल्ली, 31 मई 2026: दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और देर रात तक बचाव एवं राहत कार्य जारी रहा। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि साकेत मेट्रो स्टेशन के निकट इमारत गिरने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, डीडीएमए, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें समन्वय के साथ राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।

फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments