अन्य बीमारियों की तरह नशे की बीमारी का इलाज भी संभव : स्वास्थ्य मंत्री
पटियाला, 6 जून 2026 : पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और अधिक मजबूत करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि “युद्ध नशों के विरुद्ध” अभियान के दूसरे चरण के दौरान यह मुहिम अब जन आंदोलन का रूप धारण कर चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जो इसकी सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि नशा एक बीमारी है और जिस प्रकार हर बीमारी का इलाज संभव है, उसी प्रकार नशे का उपचार भी पूरी तरह संभव है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि सरकार नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुनः समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए ई-रिक्शाओं में लगाए गए शिकायत बॉक्सों के बहुत अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इन बॉक्सों के माध्यम से लोग बिना किसी डर के नशों से संबंधित शिकायतें दर्ज करवा रहे हैं, जिससे प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिल रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गांव स्तर पर भी इस अभियान को व्यापक समर्थन मिल रहा है। वीडीसी (विलेज डिफेंस कमेटी) के सदस्य घर-घर जाकर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर रहे हैं और युवाओं को इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यह जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार युवाओं को नशों से दूर रखने के लिए खेलों को प्रोत्साहित कर रही है। गांवों और शहरों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं तथा युवाओं को खेल किटें भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि वे अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर सकें।
डॉ. बलबीर सिंह ने अंत में कहा कि यह अभियान केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक पंजाबी की जिम्मेदारी है। यदि पूरा समाज एकजुट होकर इस बुराई के खिलाफ खड़ा हो जाए, तो नशा-मुक्त पंजाब का सपना अवश्य साकार होगा।
इस अवसर पर एसडीएम गुरदेव सिंह धम्म, पुलिस विभाग के अधिकारी, पार्षद जसबीर गांधी, देविंदर कौर, मोहित कुमार, जतिंदर कौर एस.के. सहित बड़ी संख्या में वीडीसी सदस्य उपस्थित थे।






