पटियाला, 29 मई : जिला पटियाला में जनगणना-2027 के तहत फील्ड वर्क का कार्य तेज़ी से जारी है।
डिप्टी कमिश्नर-कम-प्रिंसिपल सेंसस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल और जिला सेंसस नोडल अधिकारी एवं एडीसी (ग्रामीण विकास) दमनजीत सिंह मान के नेतृत्व में 15 मई से यह अभियान शुरू किया गया है।

जिले की 6 तहसीलों — पटियाला, राजपुरा, पातड़ां, समाना, दूधनसाधां और नाभा — के अलावा 5 नगर परिषदों नाभा, राजपुरा, पातड़ां, समाना, सनौर तथा 4 नगर पंचायतों घनौर, घग्गा, भादसों और देवीगढ़ में जनगणना का कार्य चल रहा है। इस कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए करीब 3000 गणनाकर्ताओं और सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है।

डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है और सभी लोग इसमें पूरा सहयोग करें ताकि सही और सटीक आंकड़े जुटाए जा सकें।
जनगणना कार्य की गुणवत्ता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए सहायक अनुसंधान अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला सेंसस अधिकारी जसविंदर कौर ने तहसील पटियाला के गांव लचकाणी, जस्सोवाल, रौंगला, बख्शीवाला उर्फ किशनपुरा और सिद्धूवाल में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणनाकर्ताओं और सुपरवाइजरों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना भारत सरकार का अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्य है। भविष्य में देश की नई नीतियां और योजनाएं इसी आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाएंगी, इसलिए डेटा की गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है।






