Friday, June 5, 2026
HomePunjabस्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से होगी संपन्न :...

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से होगी संपन्न : डिप्टी कमिश्नर

 जिले में 1006 बीएलओ, 107 सुपरवाइजर, 05 ईआरओ और 10 एईआरओ सहित अन्य चुनावी स्टाफ तैनात
 प्री-एसआईआर मैपिंग के तहत संगरूर जिले के 9,17,330 मतदाताओं में से 8,01,395 मतदाताओं की मैपिंग पूरी
 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक लिए जाएंगे दावे और आपत्तियां
 राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील
 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
संगरूर, 27 मई, 2026 : पूनमदीप कौर,डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी संगरूर ने जिला प्रशासनिक परिसर के बैठक हॉल में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि भारतीय चुनाव आयोग, नई दिल्ली द्वारा पंजाब में मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) संबंधी कार्यक्रम जारी किया गया है और इस पूरी प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे। इस कार्य के लिए जिले में 1006 बीएलओ, 107 सुपरवाइजर, 05 ईआरओ और 10 एईआरओ सहित अन्य सहायक चुनावी स्टाफ लगाया गया है।
उन्होंने बताया वर्तमान में जिला संगरूर में कुल 9,17,330 मतदाता हैं, जिसके अनुसार प्रत्येक बीएलओ को औसतन 912 मतदाताओं की एसआईआर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। बीएलओ को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि यह कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि 24 जुलाई 2026 तक जिले के पोलिंग स्टेशनों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी पोलिंग स्टेशन पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि चुनाव आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची से हटाना है। उन्होंने कहा कि दोहरी वोट रखना भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जेल की सजा का भी प्रावधान है।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ को पूरा सहयोग दें और एसआईआर के दौरान आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी मतदाताओं को एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। इस संबंध में बीएलओ घरों में तीन बार संपर्क करेंगे ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड को केवल पहचान के स्रोत के रूप में माना जाएगा, न कि नागरिकता या निवास के प्रमाण के रूप में।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्री-एसआईआर मैपिंग के तहत जिले के 9,17,330 मतदाताओं में से 8,01,395 मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 87.36 प्रतिशत है। ग्रामीण क्षेत्रों में 91.74 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में लगभग 76.39 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता एसआईआर के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं भरता है तो उसका नाम 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। दावे और आपत्तियां 31 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक प्राप्त की जाएंगी और उनका निपटारा 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
मतदाताओं की सुविधा और एसआईआर संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए जिला चुनाव कार्यालय, संगरूर में हेल्पडेस्क भी स्थापित किया गया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की गई है ताकि यह प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। उन्होंने सभी मतदाताओं और राजनीतिक दलों से चुनावी स्टाफ को पूरा सहयोग देने की अपील की ताकि मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाया जा सके।
इस अवसर पर सुखचैन सिंह,अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास),गगनदीप सिंह,एसडीएम सुनाम,सतीश चंदर,एसडीएम संगरूर,राजवीर सिंह,सहायक कमिश्नर तथा परमजीत कौर,चुनाव तहसीलदार उपस्थित थे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments