रोम (इटली),20 मई 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम और पांचवें चरण में मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे,जहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend!” उन्होंने इससे पहले कोलोसियम के पास दोनों नेताओं की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
रोम पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने जोरदार स्वागत किया। होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने लोगों से मुलाकात की, बच्चों से बातचीत की और एक बच्चे द्वारा बनाई गई उनकी पेंटिंग पर ऑटोग्राफ भी दिया।
इस दौरान भारतीय संस्कृति से प्रभावित एक इटालियन कलाकार ने वाराणसी के घाटों पर आधारित अपनी पेंटिंग प्रधानमंत्री को दिखाई। कलाकार ने कहा कि यह पेंटिंग भारत की रंगीन संस्कृति और एक इटालियन कलाकार की सोच के बीच एक पुल की तरह है।
प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों ने भी खुशी जताई। एक कलाकार ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वागत में राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक धुन प्रस्तुत की। कलाकारों ने कहा कि वे यूरोप में भारतीय कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित हैं।
पीएम मोदी की यह इटली यात्रा भारत-इटली संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं तकनीक और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर काम कर रहे हैं।
इटली पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा कर चुके हैं।