गुरदासपुर, 16 मई 2026: पट्टी पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे पीसीएस अधिकारी एवं एसडीएम अनुप्रीत कौर रंधावा को उनके सरकारी निवास से गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर-राजस्थान हाईवे के लिए अधिग्रहित की गई जमीन में कथित गबन मामले की जांच के तहत की गई है।
सूत्रों के मुताबिक अनुप्रीत कौर रंधावा पर करीब 1 करोड़ 63 लाख रुपये के घोटाले के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय यह मामला सामने आया, उस दौरान वह तरनतारन के पट्टी में तैनात थीं। इसी मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि गिरफ्तारी के समय वह गुरदासपुर जिले में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं तथा नगर काउंसिल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं।
मई 2022 में पंजाब सरकार द्वारा किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल और तबादलों के दौरान अनुप्रीत कौर रंधावा को दोबारा बहाल किया गया था, जिसके बाद उन्हें सक्रिय फील्ड पोस्टिंग मिलनी शुरू हुई। हाल ही में उनकी तैनाती गुरदासपुर में एसडीएम के रूप में की गई थी।
डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा का मायका और पैतृक परिवार अमृतसर से संबंधित है। उन्होंने अमृतसर से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की थी।