26 लाख 20 हजार रुपये की लागत से तैयार किए गए 02 नए कक्षा कक्ष और 01 आधुनिक विज्ञान लैब
भवानीगढ़, 12 मई, 2026 : शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल घराचों में 26 लाख 20 हजार रुपये की लागत से तैयार किए गए 02 नए कक्षा कक्ष और 01 आधुनिक विज्ञान लैब का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नरेंद्र कौर भराज द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती भराज ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है, ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि नए कक्षा कक्षों से स्कूल में विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का माहौल और बेहतर होगा तथा आधुनिक विज्ञान लैब से विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार द्वारा स्कूलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत नई इमारतें, लैब और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं।
इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल और स्टाफ ने विधायक का धन्यवाद किया और विश्वास दिलाया कि स्कूल की शैक्षणिक तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों को और मजबूत बनाने के लिए पूरी मेहनत से कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, अध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।






