नई दिल्ली, 11 मई 2026: असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया। इसके साथ ही राज्य में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
इससे पहले केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा सह-पर्यवेक्षक एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सरमा एनडीए नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उन्होंने अपने समर्थन में 102 विधायकों के हस्ताक्षर वाला पत्र भी राज्यपाल को सौंपा। राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया कि “भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए असम के राज्यपाल डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए प्रसन्नता व्यक्त करते हैं।”
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी
राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राज्यपाल 12 मई को सरमा सहित मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा विधायक दल ने सर्वसम्मति से चुना नेता
केंद्रीय पर्यवेक्षक जे.पी. नड्डा ने बताया कि विधायक दल की बैठक में हिमंत बिस्वा सरमा को भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का नेता चुना गया। भाजपा के आठ विधायकों, जिनमें पूर्व मंत्री रंजीत कुमार दास, अजंता नियोग, अशोक सिंघल और पिजुष हजारिका शामिल थे, ने सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा।
असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी सरमा की उम्मीदवारी का समर्थन किया।
जनता के विश्वास पर खरा उतरेगी नई सरकार : सरमा
एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि नई सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए और अधिक उत्साह के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जनता द्वारा मिला भारी जनादेश इसी विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने राज्य की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।