नई दिल्ली, 11 मई 202 : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें शहद का एक विशेष उपहार भेंट किया, जो ‘देवभूमि’ उत्तराखंड की शुद्धता और अनोखे स्वाद का प्रतीक है। इस उपहार के माध्यम से मुख्यमंत्री ने राज्य की समृद्ध कृषि और मधुमक्खी पालन परंपरा से भी उन्हें अवगत कराया।
बैठक के दौरान उत्तराखंड के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही राज्य में चल रही विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना की और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।
यह बैठक उत्तराखंड में संगठन और शासन के समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।