बठिंडा, 11 मई 2026: बठिंडा रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण के लिए स्वीकृत 102 करोड़ रुपये की परियोजना को लेकर भाजपा नेता विनू गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। यह परियोजना ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत मंजूर की गई है।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इस योजना की जानकारी साझा किए जाने के बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर इस फैसले की सराहना की जा रही है।
विनू गोयल ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद बठिंडा रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ एक नई पहचान मिलेगी। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बठिंडा रेलवे स्टेशन पहले से ही व्यापार, कृषि, रक्षा गतिविधियों और यात्री परिवहन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, और अब इसके आधुनिकीकरण से क्षेत्रीय विकास को और मजबूती मिलेगी।
गोयल ने यह भी बताया कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हाल ही में बठिंडा दौरे के दौरान कहा था कि स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और विश्वस्तरीय स्वरूप के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का भी धन्यवाद किया और कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के कायाकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
विनू गोयल ने यह भी कहा कि वे इस परियोजना से जुड़े अपने सुझाव केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और रेलवे विभाग को भेजेंगे, ताकि इसे और बेहतर बनाया जा सके।






