पति से विवाद के बाद उठाया कदम, घटना का वीडियो भी आया सामने
पुणे, 10 मई 2026 : महाराष्ट्र के Pune के तालेगांव एमआईडीसी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर आठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान प्रतिभा शंकर के रूप में हुई है, जो अर्बन लाइफ टॉवर सोसाइटी में रहती थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद महिला ने आवेश में आकर फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान महिला कुछ समय तक बालकनी की रेलिंग पकड़कर लटकी रही। इसी बीच आसपास मौजूद लोग उसे बचाने और समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही क्षण बाद उसका हाथ छूट गया और वह नीचे गिर गई।
सोसाइटी के एक निवासी ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर भी सामने आया। हालांकि पुलिस ने लोगों से वीडियो साझा न करने और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की है।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी कोई परिस्थिति तो नहीं थी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।