किसानों को 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
चंडीगढ़, 10 मई 2026 : पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने गेहूं खरीद सीजन के दौरान नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विभाग द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों और प्रभावी व्यवस्था के चलते राज्य में गेहूं की आवक और खरीद दोनों ही मामलों में निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान और खाद्य,नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में राज्य ने 122 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीद का आंकड़ा पार कर लिया है। शुरुआती दौर में लगातार बारिश और कई क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि के बावजूद खरीद प्रक्रिया को सुचारु रूप से जारी रखा गया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य की मंडियों में कुल 122.73 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है, जिसमें से 122.23 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
सरकार की ओर से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का भुगतान भी तेज़ी से किया गया है। अब तक 7 लाख से अधिक किसानों के खातों में 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
खरीद सीजन को सफल और बाधारहित बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़े स्तर पर प्रबंध किए थे। इसके तहत पूरे पंजाब में 1897 खरीद केंद्रों और करीब 986 अस्थायी यार्डों को संचालित किया गया, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार खरीद व्यवस्था को तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर मजबूत किया गया, जिससे मंडियों में उठान, भुगतान और भंडारण की प्रक्रिया तेज़ और पारदर्शी बनी रही। सरकार ने दावा किया है कि किसानों की सुविधा और समय पर भुगतान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।