जालंधर, 07 मई 2026 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी चार दिवसीय ‘शुक्राना यात्रा’ के दूसरे दिन गुरुवार सुबह जालंधर पहुंचे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में लागू किए गए नए बेअदबी विरोधी कानून को लेकर भगवान और जनता का आभार व्यक्त करना बताया जा रहा है।आम आदमी पार्टी के नेताओं और जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी नेता नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब के लोग लंबे समय से सख्त बेअदबी विरोधी कानून की मांग कर रहे थे, जिसे मान सरकार ने पूरा कर ऐतिहासिक कदम उठाया है।मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए जालंधर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूरे यात्रा मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं जालंधर देहात पुलिस को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सभी एसएचओ और डीएसपी को यात्रा मार्ग पर 24 घंटे तैनात रहने के आदेश दिए गए हैं।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान लोगों को संबोधित करेंगे और अपनी सरकार की जनहित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे। प्रशासन ने दावा किया है कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु रखा जाएगा।






