पानीपत, 03 मई 2026: ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने अपनी चिंता और मजबूरी जाहिर की है।वीडियो में विनेश फोगाट ने कहा कि उत्तर प्रदेश के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच आयोजित होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में हिस्सा लेना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने बताया कि वह उन छह पीड़ितों में शामिल हैं जिन्होंने बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी और उनकी गवाही अभी अदालत में चल रही है।
उन्होंने कहा कि गोंडा स्थित उनके घर के पास जाकर मुकाबले में हिस्सा लेना उनके लिए मानसिक रूप से कठिन होगा और वह अपना 100 प्रतिशत नहीं दे पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला खिलाड़ी के लिए ऐसी परिस्थितियों में प्रतिस्पर्धा करना बेहद चुनौतीपूर्ण है।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह और उनकी टीम टूर्नामेंट में भाग लेंगे, लेकिन अगर किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
गौरतलब है कि करीब तीन साल पहले विनेश फोगाट सहित कई महिला पहलवानों ने बृज भूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस मुद्दे को लेकर महिला खिलाड़ियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन भी किया था।






