Saturday, June 6, 2026
HomePunjabवैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर हादसे का शिकार, दो...

वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर हादसे का शिकार, दो की मौत, 13 घायल

गुरदासपुर, 5 जून 2026 :  पंजाब के गुरदासपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी उनकी टेंपो ट्रैवलर एक ओवरलोड टिप्पर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 5:30 बजे अड्डा ऊधोवाल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक ओवरलोड टिप्पर अचानक पक्की सड़क से उतरकर कच्चे हिस्से में चला गया। इसी दौरान पठानकोट की ओर से आ रही श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर टिप्पर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले बटाला के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में अमृतसर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल और मृतक सभी लोग पंजाब के मानसा जिले के निवासी हैं और माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोड टिप्पर और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments