डीसी डॉ. विवेक भारती ने कहा-योजनाबद्ध तरीके से हर आमजन को किया जा रहा है स्व गणना के लिए प्रेरित
फ़तेहाबाद 27 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : भारत सरकार की ओर से चल रही जनगणना प्रक्रिया के तहत डीसी डॉ. विवेक भारती के निर्देशन में जिला फतेहाबाद में स्व-गणना (एसई) का कार्य सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन द्वारा लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी इस अभियान में सक्रिय सहभागी बन रहे हैं। इसी योजनाबद्ध तरीके से चल रही जागरूकता मुहिम का परिणाम है कि स्व-गणना में पंजीकरण के मामले में फतेहाबाद जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। डीसी ने इस संदर्भ में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए सभी को इस प्रक्रिया में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
समाचार लिखे जाने तक जिला में अब तक कुल 10,555 एसई आईडी बनाई जा चुकी हैं, जिनमें से 9,183 पंजीकरण पूर्ण हो चुके हैं। यह आंकड़े अभियान की सफलता और लोगों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाते हैं। इसी भागीदारी को बढ़ाने और जागरूक करने के लिए डीसी डा. विवेक भारती ने अभियान को निरंतर चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों के अभिभावक भी स्व-गणना में भाग लेकर प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के तकनीकी कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि वे इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें और अभिभावकों को पंजीकरण में हर संभव सहायता प्रदान करें।
इसके अलावा डीसी ने जिला के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से आमजन से अपील की है कि वे 30 अप्रैल तक अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण करवाने में अपना योगदान दें, ताकि जिला फतेहाबाद इस अभियान में और बेहतर प्रदर्शन कर सके।
फोटो : लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






