डीसी डॉ. विवेक भारती ने समाधान शिविर में नागरिकों की सुनी समस्याएं, शिकायतों के शीघ्र निपटान के निर्देश दिए
फ़तेहाबाद 27 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डा. विवेक भारती ने कृषि विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला में किसी भी किसान को फसल संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। किसान हितों को सर्वोपरि रखते हुए विभाग सक्रियता से उनका सहयोगी बनें। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल का नुकसान हुआ है, उनका समुचित, निष्पक्ष और समयबद्ध मूल्यांकन सुनिश्चित करवाते हुए नियमानुसार उन्हें मुआवजा व अन्य लाभ दिलाया जाए।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान गांव मेहूवाला से पहुंचे किसानों की समस्याएं सुनते हुए डीसी डा. विवेक भारती ने कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और उनकी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर राहत मिल सके।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल नुकसान के मामलों में मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाना जरूरी हैं और रिपोर्ट में पूरी पारदर्शिता भी बरतें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश देते हुए डीसी ने सभी विभागों को उस पर की गई कार्रवाई की एक्शन टेकन रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही उन्होंने एसएमजीटी पोर्टल पर लंबित शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने के निर्देश भी दिए।
डीसी डॉ. भारती ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता के साथ संवाद बनाए रखें और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का समाधान करें, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी अनुराग ढालिया, आरटीए सचिव संजय बिश्नोई, डीएमसी प्रवीण कुमार, डीएसपी संजय कुमार, डीआरओ श्याम लाल, डीडीपीओ अनूप सिंह, कार्यकारी अभियंता राहुल चहल, देवेंद्र सिंह, संजीव सहारण, डीडीए राजेश सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
फोटो: समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






