फ़तेहाबाद 27 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डॉ. विवेक भारती ने जल शक्ति अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश देते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने को कहा है। वे स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक के दौरान डीसी ने कहा कि जल शक्ति अभियान एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से प्राकृतिक जल संसाधनों का संरक्षण एवं जीर्णोद्धार किया जाना है। इसके साथ ही आमजन में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी आवश्यक है। उन्होंने अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तार से प्रगति रिपोर्ट ली।
डीसी ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय (यूएलबी), पीडब्ल्यूडी, सिंचाई, वन, कृषि, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा विकास एवं पंचायत विभागों को उनके-अपने लक्ष्यों के अनुसार कार्य सौंपे गए हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से वर्षा जल संचयन पर जोर देते हुए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग को जिला में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
डीसी ने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के लिए सभी विभाग लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ सकें।
इस बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
फोटो : लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






