जिला में शिक्षा के आधारभूत ढांचे व गुणवत्ता सुधार पर डीसी डॉ. विवेक भारती ने की व्यापक समीक्षा
फ़तेहाबाद 27 अप्रैल, 2026 (संजीव शर्मा) : डीसी डा. विवेक भारती की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला में शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की गई। डीसी ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करते हुए सर्वांगीण विकास पर विशेष फोकस किया जाए। बैठक में डीसी डा. विवेक भारती ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से स्कूल का निरीक्षण करें और प्रत्येक विजिट की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि निरंतर मॉनिटरिंग से ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल वैन की नियमित जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
डीसी ने सामाजिक जागरूकता अभियानों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। बैठक के दौरान जिला की उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों को भी साझा किया गया। डीईओ संगीता बिश्नोई ने डीसी के समक्ष बताया कि जिला के 144 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय मेरिट स्कॉलरशिप परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिन्हें कक्षा 9 से 12 तक चार वर्षों के लिए प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोरखपुर ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है, जहां के 11 विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की है। इसके अतिरिक्त, जिले के 95 विद्यार्थी सुपर-100 कार्यक्रम के लेवल-2 के लिए चयनित हुए हैं, जबकि ‘बुनियाद’ प्रोग्राम के लेवल-3 के तहत 429 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वर्तमान में जिले में 5 बुनियाद सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। ‘इंस्पायर अवार्ड’ योजना के अंतर्गत 77 विद्यार्थियों का चयन हुआ है तथा पर्यावरण विज्ञान प्रदर्शनी में जिले ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
डीसी ने इन सभी उपलब्धियों के लिए शिक्षा विभाग, शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी स्कूल में शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जर्जर व कंडम हो चुके कमरों को नियमानुसार हटाकर नए निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए।
डीसी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुदृढ़ आधारभूत सुविधाएं ही जिला के समग्र विकास की आधारशिला हैं और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
फोटो : शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






