सुनाम निर्वाचन क्षेत्र के गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 2.9 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत
सुनाम, 25 अप्रैल, 2026 : पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने आज सुनाम निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करीब 2.9 करोड़ रुपये की लागत वाली शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी परियोजनाओं की शुरुआत की।
कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गांव नमोल में 25 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली अत्याधुनिक लाइब्रेरी की आधारशिला रखी। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 42.54 लाख रुपये की लागत से बने नए क्लासरूम, साइंस लैब और अन्य नवीनीकरण कार्यों का उद्घाटन कर उन्हें विद्यार्थियों को समर्पित किया।
उन्होंने बताया कि गांव शेरों के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भी 31.96 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण का कार्य पूरा कर स्कूल को नया रूप दिया गया है। इसके अलावा, गांव मंडेर कलां में 55 लाख रुपये की लागत से ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ की आधारशिला रखी गई, जिससे लोगों को उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इसी तरह, लोहाखेड़ा के तकीपुर रोड पर भी 55 लाख रुपये की लागत से एक और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ आम लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है और अस्पतालों एवं हेल्थ सेंटरों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मुहैया कराया जा सके।
अमन अरोड़ा ने लोगों से अपील की कि वे सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिल करवाकर इस शिक्षा क्रांति का हिस्सा बनें।
उन्होंने आगे कहा कि लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को निजी स्कूलों से भी बेहतर शिक्षा देना भगवंत मान सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी तरविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, पंच-सरपंच और ग्रामीण उपस्थित थे।
फोटो कैप्शन:
- गांव लोहाखेड़ा में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की आधारशिला रखते कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा।
- कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा गांव नमोल में जत्थेदार कौर सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नवीनीकरण के बाद नई साइंस लैब व अन्य कार्य विद्यार्थियों को समर्पित करते हुए।
- गांव नमोल के सरकारी स्कूल की अत्याधुनिक साइंस लैब में विद्यार्थियों के साथ कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा।






