पटियाला, 25 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज सफावादी गेट से तीर्थ यात्रियों के एक जत्थे को विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने रवाना किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और यात्रियों को फूलों की मालाएं पहनाकर तथा शुभकामनाएं देकर विदा किया गया।
यह जत्था पवित्र नगरी अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब और प्रसिद्ध दुर्गियाना मंदिर में मत्था टेकने के लिए रवाना हुआ है।
इस मौके पर विधायक अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों से किए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस योजना से हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए आवागमन, ठहरने और भोजन आदि का विशेष प्रबंध किया गया है, ताकि वे बिना किसी चिंता के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं समाज में भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करती हैं।
क्षेत्रवासियों ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना धार्मिक आस्था रखने वाले लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है।
इस मौके पर वार्ड नंबर 41 से एमसी अमनप्रीत कौर, जसबीर सिंह बिट्टू, हरमिंदरपाल सिंह विंटी (हल्का कोऑर्डिनेटर, पटियाला) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे।






