डीसी ने 30 जून तक सभी ड्रेन और सीवर की सफाई करने के दिए निर्देश
फतेहाबाद, 22 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी डॉ. विवेक भारती ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। इसके तहत सभी ड्रेन, नालों और नहरों की सफाई का कार्य 30 जून से पहले हर हाल में पूरा किया जाए। डीसी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिले में मौजूद 13 प्रमुख ड्रेनों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में पंप हाउस, मशीनरी तथा अन्य बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीसी डा. विवेक भारती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक उपकरणों को समय रहते दुरुस्त रखा जाए। सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि उनके पास उपलब्ध 136 पंप सेट, जो पानी निकासी के लिए उपयोग किए जाते हैं, पूरी तरह कार्यशील स्थिति में रहें। जिन पंप सेटों की मरम्मत आवश्यक है, उन्हें समय रहते ठीक कर लिया जाए, ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अलावा जनस्वास्थ्य विभाग, शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) और पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए गए कि वे आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पंप सेट की खरीद सुनिश्चित करें। डीसी ने जनस्वास्थ्य विभाग को यह भी निर्देश दिए कि 30 जून तक सीवरेज सिस्टम की समुचित सफाई कर ली जाए, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
डीसी डॉ. विवेक भारती ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई ना करें। समय रहते आवश्यक कदम उठाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
फोटो : आगामी मानसून सीजन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






