Saturday, June 6, 2026
HomeHaryanaहीट वेव से बचाव को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक, गांवों...

हीट वेव से बचाव को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक, गांवों व सार्वजनिक स्थानों पर पियाऊ और जल व्यवस्था पर जोर

स्कूलों व आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल और जागरूकता जरूरी
बस स्टैंड व रोडवेज बसों में यात्रियों के लिए पानी की व्यवस्था करने के निर्देश
फतेहाबाद, 22 अप्रैल 2026 (संजीव शर्मा) : हीट वेव (लू) से बचाव एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।
डीसी ने पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए कि गांवों में तालाबों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों से समन्वय बनाकर बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पियाऊ स्थापित करवाए जाएं, ताकि लोगों को पीने के पानी की सुविधा मिल सके। शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए और विद्यार्थियों को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों पर पानी के घड़े आदि की समुचित व्यवस्था करने और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ओआरएस पैकेट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। रोडवेज विभाग को निर्देशित किया गया कि बस स्टैंड पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बसों में भी पानी के कैंपर रखवाए जाएं, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सके।
डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराने और इन्हें स्कूलों व पंचायतों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही, समय-समय पर हीट वेव से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी करने के लिए भी कहा। इसके अलावा, डीसी ने रेडक्रॉस सोसायटी को निर्देश दिए कि वे विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओ के माध्यम से शहर और गांवों में पानी की छबील लगाने तथा पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि भीषण गर्मी के दौरान मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए।
डीसी ने स्पष्ट किया कि गांवों में पशुओं के लिए पीने के पानी की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ आवश्यक कदम उठाएं और पशुओं के लिए भी पर्याप्त जल व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आगंतुकों के लिए छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जनस्वास्थ्य विभाग को जलघरों में पर्याप्त पेयजल रखने तथा सिंचाई विभाग के साथ तालमेल कर जल भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, बिजली विभाग को निर्देश दिए गए कि बढ़ती गर्मी के मद्देनजर मांग अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
फोटो : हीट वेव (लू) से बचाव एवं आमजन की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments