टोहाना में भगवान परशुराम प्रकट उत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत
टोहाना,13 अप्रैल 2026, (संजीव शर्मा) : भगवान परशुराम सेवा समिति चैरिटेबल ब्राह्मण सभा टोहाना के तत्वाधान में भगवान श्री परशुराम प्रकट उत्सव के उपलक्ष्य में शहर में भव्य, विशाल एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा टोहाना शहर भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं का जनसैलाब शोभायात्रा में उमड़ पड़ा और हर ओर “जय श्री परशुराम” के जयघोष गूंजते रहे।
शोभायात्रा का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन चौक से हुआ, जो शास्त्री बाजार, घंटाघर चौक, लक्कड़ मार्केट और शूरसेन चौक से होते हुए भगवान परशुराम मंदिर तक पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक व धार्मिक संगठनों तथा व्यापारियों द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का जीवन सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम ने समाज को अन्याय और अधर्म के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा दी। आज के समय में उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।
सांसद बराला ने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि टोहाना की यह भव्य शोभायात्रा सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देती है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी वर्गों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है।
शोभायात्रा में प्रसिद्ध हरियाणवी गायक मासूम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान सभा के सरंक्षक विक्रम प्रभाकर, प्रधान ललित मोहन शर्मा, रमन मड़िया, परमवीर अत्री, सुरेश कौशिक, सुरेन्द्र शर्मा, जयनारायण, संदीप शर्मा, सुभाष शर्मा, सोहन लाल, सतीश शर्मा, अमन शर्मा सहित सभा के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






