Saturday, June 6, 2026
HomeNationalसुरों की मलिका आशा भोसले का निधन, आज मुंबई में राजकीय सम्मान...

सुरों की मलिका आशा भोसले का निधन, आज मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

मुंबई, 13 अप्रैल 2026 : भारतीय संगीत जगत के लिए बेहद दुखद खबर है। महान गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि कई दिनों से स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका देहांत हुआ।

आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से उनके मुंबई स्थित आवास पर अंतिम दर्शन शुरू हो चुके हैं, जहां बड़ी संख्या में प्रशंसक और गणमान्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।

उनके पुत्र आनंद भोसले ने जानकारी दी कि आम लोग अंतिम दर्शन के लिए आ सकते हैं, लेकिन अंतिम संस्कार के समय भीड़ से बचने के लिए वहां न आने की अपील की गई है।

आशा भोसले महान शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर की पुत्री और प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। पिता के निधन के बाद उन्होंने कम उम्र में ही संगीत की दुनिया में कदम रखा और मात्र 10 वर्ष की आयु में अपना पहला गीत गाया।

अपने लंबे और शानदार करियर में उन्होंने 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गीत गाए। उनके लोकप्रिय गीतों में ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’ और ‘चुरा लिया है तुमने’ शामिल हैं, जो आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं।

उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है और संगीत जगत ने एक अमूल्य रत्न खो दिया है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments