फतेहाबाद, 13 अप्रैल 2026, (संजीव शर्मा) : जिले में रबी फसल खरीद व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। डीसी डा. विवेक भारती ने स्पष्ट किया है कि मंडियों में गेहूं के उठान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जाए।
सोमवार को लघु सचिवालय में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डीसी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि मंडियों में अनाज का अनावश्यक जमाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उठान कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि मंडियों में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
बैठक के बाद डीसी ने अधिकारियों के साथ मंडियों का दौरा भी किया और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया, उठान व्यवस्था और किसानों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने मंडियों में तैनात नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें और व्यवस्था को सुचारू रखें। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति बनाए रखना जरूरी है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने उठान के लिए लगाए गए वाहनों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाकर खरीदे गए गेहूं का समय पर उठान किया जाए। इसके साथ ही डीसी ने गेटपास प्रणाली को दुरुस्त रखने और बायोमेट्रिक सत्यापन को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि खरीद कार्य बिना किसी बाधा के चलता रहे।
डीसी डा. विवेक भारती ने स्पष्ट किया कि सरकार की हिदायतों के अनुसार किसानों की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि किसानों को समय पर फसल बेचने, भुगतान प्राप्त करने और अन्य सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, डीएफएससी कुशल बूरा, डीएमईओ राहुल कुंडू सहित विभिन्न खरीद एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो: लघु सचिवालय में खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा करते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।
मंडियों का दौरा कर खरीद प्रबंधों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए डीसी डॉ. विवेक भारती।






