इंडियाना (अमेरिका), 3 अप्रैल 2026 : इंडियाना राज्य ने अवैध रूप से रह रहे ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए 1790 ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। इस फैसले से सबसे ज्यादा प्रभावित पंजाबी समुदाय के ड्राइवर हुए हैं, जिन्हें अपनी नौकरियां गंवानी पड़ी हैं।
यह कार्रवाई माइक ब्राउन द्वारा मार्च 2026 में हाउस एनरोल्ड एक्ट 1200 पर हस्ताक्षर करने के बाद की गई। इंडियाना बीएमवी (ब्यूरो ऑफ मोटर व्हीकल्स) ने 16 मार्च को प्रभावित ड्राइवरों को नोटिस जारी कर लाइसेंस रद्द होने की सूचना दी थी।
नए नियमों के तहत जिन गैर-निवासी ड्राइवरों के पास H-2A, H-2B या E-2 वीजा नहीं है, उनके लाइसेंस 1 अप्रैल से स्वतः समाप्त हो गए। बताया जा रहा है कि अमेरिका में यह पहला राज्य है जिसने अवैध प्रवासी ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई की है।
गवर्नर माइक ब्राउन ने कहा कि यह फैसला फरवरी 2026 में हुए दो बड़े सड़क हादसों के बाद लिया गया। इनमें से एक हादसे में सुखदीप सिंह के ट्रक से टक्कर के कारण 64 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी।
सरकार का कहना है कि इस कदम से अयोग्य और अप्रशिक्षित ड्राइवरों पर रोक लगेगी और सड़कों की सुरक्षा बढ़ेगी। नए नियमों के अनुसार ड्राइवरों के लिए अंग्रेजी भाषा में दक्षता भी अनिवार्य कर दी गई है।
इसके अलावा, जिन ट्रक मालिकों द्वारा लाइसेंस रद्द हो चुके ड्राइवरों को नौकरी पर रखा जाएगा, उन पर 50,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसी बीच, इंडियाना के अटॉर्नी जनरल टॉड रोकिटा ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि वाहन चलाने वाला व्यक्ति पूरी तरह प्रशिक्षित और कानूनी रूप से योग्य हो।






