सीएम से फतेहाबाद जिले में स्पैशल गिरदावरी करवाने की मांग की।
फ़तेहाबाद, 30 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा) : जिले में बीते दिन हुई भारी बरसात, ओलावृष्टि एवं तेज आंधी-तूफान के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र के किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं और बड़े स्तर पर गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलें प्रभावित हुई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर फतेहाबाद जिले में हुए नुकसान की जानकारी दी।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि खराब मौसम के चलते किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि जिले में तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाई जाए, ताकि फसलों के वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जा सके। साथ ही प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि सरकार किसानों के साथ पूरी तरह से खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।






