नई दिल्ली, 26 मार्च 2026: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को सांस संबंधी दिक्कतों के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
गुरुवार सुबह उनके बेटे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना। जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी को मंगलवार रात करीब 10:22 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया था।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उन्हें एंटीबायोटिक्स दिए जा रहे हैं और पेट व मूत्र मार्ग में संक्रमण की आशंका को लेकर जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा है।
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां की तबीयत के कारण केरल का निर्धारित दौरा रद्द कर दिया। उन्होंने कोझिकोड में एक रैली को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि वह अपनी मां के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उनके पास ही रहना चाहते थे।
राहुल गांधी ने भावुक होते हुए बताया कि रात भर वह अपनी मां की सेहत को लेकर चिंतित रहे और एक केरल की नर्स द्वारा लगातार देखभाल किए जाने से उन्हें कुछ राहत मिली।
बुधवार को अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि जांच के बाद पाया गया कि ठंड और दिल्ली के प्रदूषण के कारण सोनिया गांधी की ब्रोंकियल अस्थमा की समस्या थोड़ी बढ़ गई थी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सोनिया गांधी को पेट संबंधी समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।






