Sunday, June 7, 2026
HomePatialaश्री राम कथा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रभु राम का...

श्री राम कथा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रभु राम का जन्मोत्सव

भगवान श्री राम जी के भजनों की धुन पर झूमे सैकड़ों श्रद्धालु

अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण से प्रत्येक सनातनी का मस्तक गर्व से हुआ ऊँचा: लाल चंद जिंदल

पटियाला, 22 मार्च 2026 : : श्री सनातन धर्म सभा (पंजीकृत), पटियाला के तत्वावधान में एस.डी.एस.ई. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में आयोजित सप्त दिवसीय श्री राम कथा के तीसरे दिन संपूर्ण वातावरण राममय हो गया। आज की कथा का मुख्य आकर्षण भगवान श्री राम जी का प्राकट्योत्सव रहा, जिसे उपस्थित जन-समूह ने अपार श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस पावन अवसर पर सभा के प्रधान श्री लाल चंद जिंदल ने समस्त श्रद्धालुओं को राम जन्मोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि युगों के संघर्ष के पश्चात अयोध्या में प्रभु श्री राम जी के भव्य मंदिर का निर्माण और रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से आज विश्व भर के सनातनियों का सिर गर्व से ऊँचा हो गया है। उन्होंने प्रभु राम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।

कथा वाचक परम श्रद्धेय संजीव गुरु जी महाराज ने तृतीय दिवस की अमृतमयी वर्षा करते हुए ‘नारद मोह’ एवं ‘राम जन्म’ के प्रसंगों की विस्तृत व्याख्या की। गुरु जी ने नारद जी के अभिमान की कथा के माध्यम से समझाया कि प्रभु की माया अपरंपार है और भक्ति के मार्ग में अहंकार सबसे बड़ी बाधा है। जब नारद जी को अपनी तपस्या और कामदेव पर विजय का गर्व हुआ, तब दयावान भगवान विष्णु ने अपनी माया से उनके इस भ्रम को तोड़कर उनका कल्याण किया। महाराज जी ने बताया कि भगवान विष्णु ने अपने सातवें अवतार के रूप में श्री राम का रूप इसलिए धरा ताकि वे मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में सत्य, त्याग और धर्म की पुनर्स्थापना कर सकें। रावण जैसे अधर्मी का नाश कर उन्होंने एक आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में समाज के सामने नैतिक मूल्यों का वह अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया, जो सदियों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा।

आज के कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन सत्र में श्री सनातन धर्म सभा के प्रधान श्री लाल चंद जिंदल, दिनेश जिंदल एवं उनकी धर्मपत्नी अदिति जिंदल, श्री पवन कुमार जिंदल, आदित्य जिंदल एवं उनकी धर्मपत्नी कृति जिंदल के साथ-साथ श्री राकेश कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधु द्वारा मुख्य यजमान की भूमिका निभाते हुए विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच प्रभु के बाल स्वरूप का स्वागत किया गया, जिससे संपूर्ण परिसर भक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर सभा के प्रधान लाल चंद जिंदल, चेयरमैन डॉ. राजेंद्र कुमार, वरिष्ठ उप प्रधान विजय मोहन गुप्ता, उप प्रधान नरेश जैन, पवन जिंदल, राकेश कुमार, त्रिभुवन गुप्ता, मैनेजर इंजीनियर एम. एम. स्याल, राजेंद्र जिंदल, दक्ष कुमार खन्ना, डॉ. एन.के. शर्मा, राजकुमार जोशी, धीरज अग्रवाल, विवेकशील गोयल, संजीव गुप्ता, मुकेश पुरी, भूपिंदर जिंदल, संजय जिंदल, संजीव गुप्ता, राजीव बंसल, राजीव गोयल और राजीव गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इनके साथ ही श्री राम नवमी शोभा यात्रा कमेटी के संयोजक वरुण जिंदल, सह-संयोजक सुशील नय्यर, अनुराग शर्मा, निखिल काका, लोकेश शर्मा एवं एस.डी.एस.ई. सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल रिपुदमन सिंह सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी इस पावन कथा का आनंद लिया। सनातन मान्यता के अनुसार ऐसे धार्मिक अनुष्ठान नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का सर्वोत्तम साधन हैं। कथा का समापन प्रभु श्री राम चंद्र जी और श्री रामायण जी की भावपूर्ण आरती के साथ हुआ, जिसके उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

जारीकर्ता: धीरज अग्रवाल प्रैस सचिव, श्री सनातन धर्म सभा (पंजीकृत), पटियाला।

मोबाइल नंबर: 9814405990

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments