हांगकांग में आयोजित अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की रिले दौड़ में संगरूर जिले की बेटी सेहनूर बावा ने जीता स्वर्ण पदक
दिड़बा, 07 जून 2026:पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज एशियाई जूनियर स्वर्ण पदक विजेता सहनूर बावा के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने हांगकांग में आयोजित अंडर-20 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की रिले दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने पर युवा खिलाड़ी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सेहनूर बावा दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव खडियाल की निवासी हैं। बचपन से ही उन्हें खेलों में गहरी रुचि रही है और उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल अपने क्षेत्र बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विशेष रूप से उनके परिवार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और पंजाब सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं सहयोग संबंधी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में सेहनूर बावा की यह उपलब्धि केवल दिड़बा क्षेत्र ही नहीं,बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दूरदर्शी नेतृत्व और पंजाब सरकार की खेल समर्थक नीतियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
वित्त मंत्री ने आशा व्यक्त की कि सेहनूर भविष्य में ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी और क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी ट्रेनिंग और तैयारियों के लिए सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक उपकरण, सुविधाएं और वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सेहनूर के परिवार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि गांव की एक बेटी द्वारा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए हर तीसरे गांव में एक बड़ा स्टेडियम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनके गांव में जल्द ही एक आधुनिक स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिड़बा नगर में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जहां एक साथ 11 खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खेल बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ पंजाब सरकार विभिन्न गांवों में योग्य कोच भी उपलब्ध करा रही है, ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
वित्त मंत्री ने कोच जसप्रीत सिंह को भी बधाई दी और कहा कि उन्होंने सेहनूर की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सेहनूर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रही हैं और उन्हें हर संभव सहयोग देना सरकार की जिम्मेदारी है ताकि वे भविष्य में भी देश का गौरव बढ़ाती रहें।इस अवसर पर प्रीतम सिंह पीतू, टीएमडी तपिंदर सिंह सोही, कोच अंकित सिंह, हरविंदर सिंह छाजली, सरपंच लाभ सिंह और गांव के अन्य लोकप्रिय व्यक्तित्व मौजूद थे।