किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती
टोहाना, 2 मार्च, 2026 (संजीव शर्मा): राज्यसभा सांसद श्री सुभाष बराला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किये गए बजट को ऐतिहासिक, विकासोन्मुखी एवं जनकल्याणकारी करार देते हुए कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास की स्पष्ट दिशा, मजबूत आर्थिक प्रबंधन और जनभागीदारी का प्रमाण है। बजट पूर्व परामर्श में प्राप्त लगभग 5000 सुझावों को शामिल करना सरकार की पारदर्शिता और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
सांसद ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहन, फसल विविधीकरण और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े प्रावधानों पर विशेष बल दिया गया है। यह बजट किसान हितैषी सोच का परिचायक है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
युवा शक्ति को प्रदेश के विकास की धुरी बताते हुए सांसद श्री बराला ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के विस्तार, रोजगार के नए अवसरों के सृजन, स्टार्टअप को बढ़ावा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसे प्रावधान युवाओं के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होंगे। महिला सशक्तिकरण को लेकर बजट में स्वरोजगार योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहयोग, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा सुरक्षा संबंधी उपायों को प्राथमिकता दी गई है। सांसद ने कहा कि यह बजट महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के तहत सड़कों, बिजली, पेयजल, डिजिटल सेवाओं और शहरी विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी। शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के प्रयास प्रदेश की सामाजिक संरचना को और सशक्त करेंगे।
सुभाष बराला ने कहा कि यह बजट विकसित भारत – विकसित हरियाणा के लक्ष्य को नई गति देगा और प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक व औद्योगिक क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में हरियाणा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और यह बजट प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनेगा।






