कहा, अर्बन एस्टेट में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और नया स्कूल खोलने का भी प्रस्ताव
पटियाला, 2 मार्च, 2026: पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज पटियाला विकास अथारिटी की सी ए अपर्णा एम बी, ए सी ए परमदीप सिंह तथा रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों के सदस्यों के साथ बैठक की, जिसमें अर्बन एस्टेट, पटियाला के निवासियों को दरपेश प्रमुख समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
डॉ. बलबीर सिंह ने निवासियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि अर्बन एस्टेट की सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान एक निर्धारित समय-सीमा के भीतर कर दिया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए अर्बन एस्टेट में एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर स्थापित किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक नया सरकारी स्कूल खोलने के प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा और इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा, भगवंत सिंह मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं, और इसका लाभ अर्बन एस्टेट के निवासियों को भी मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा की गई प्रगति की समीक्षा के लिए वे मार्च के तीसरे सप्ताह में रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के साथ पुनः समीक्षा बैठक करेंगे।
बैठक के दौरान निवासियों ने कई माँगें रखीं, जिनमें फेज़-1 में इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण, सेवा केंद्र और कम्युनिटी सेंटर का निर्माण, सड़कों की मरम्मत, वर्षा जल निकासी के प्रबंध, ट्रैफिक भीड़ नियंत्रण के उपाय, आवारा कुत्तों और पशुओं की समस्या पर नियंत्रण, कूड़ा संग्रहण में सुधार तथा अतिरिक्त सार्वजनिक शौचालय और अन्य नागरिक सुविधाओं की आवश्यकता शामिल थी।
डॉ. बलबीर सिंह ने पी डी ए के सीए और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएँ।सीए अपर्णा एम बी ने स्वास्थ्य मंत्री को आश्वस्त किया कि निर्देशानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएँगे।
बैठक में प्रीतइंदर सिंह, मोंटी घुम्मन, प्रो. आर.एस. घुम्मन, वरिंदर सूद, मौदगिल, ट्रेड विंग के अध्यक्ष सुरवीर सिंह सहित रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अन्य सदस्य तथा पी डी ए के अधिकारी मौजूद रहे।






