लुधियाना, 14 जनवरी 2026: पंजाब के विभिन्न शहरों में कोर्ट कॉम्प्लेक्सों को मिल रही धमकियों के बीच एक बार फिर लुधियाना और श्री फतेहगढ़ साहिब कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद दोनों इलाकों में दहशत का माहौल बन गया और प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं।
धमकी मिलते ही एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वकीलों, कोर्ट स्टाफ और परिसर के भीतर मौजूद आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली करा लिया गया। कोर्ट स्टाफ और बार एसोसिएशन के सदस्य परिसर के बाहर खड़े नजर आए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां कोर्ट परिसर के हर कोने की गहन जांच कर रही हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए आसपास के इलाके को भी सील कर दिया गया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही अदालत की कार्यवाही को लेकर आगे का फैसला लिया जाएगा।






