चंडीगढ़, 14 जनवरी 2026: सुप्रीम कोर्ट ने बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी जगतार सिंह हवारा की याचिका पर सुनवाई दो सप्ताह के लिए स्थगित कर दी है। हवारा ने दिल्ली की तिहाड़ जेल से पंजाब की किसी जेल में स्थानांतरित किए जाने की मांग की थी। वह वर्ष 1995 में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री की हत्या से जुड़े मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।
जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने यह मामला इसलिए टाल दिया क्योंकि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता सुनवाई के दौरान उपलब्ध नहीं थे। इससे पहले, 27 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर केंद्र सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन तथा दिल्ली और पंजाब सरकारों को नोटिस जारी किए थे।
गौरतलब है कि जगतार सिंह हवारा 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय के प्रवेश द्वार पर हुए बम विस्फोट से जुड़े मामले में उम्रकैद की सजा भुगत रहा है। इस विस्फोट में बेअंत सिंह सहित कुल 17 लोगों की मौत हो गई थी।






