विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक मंजूरी से किया इनकार
नई दिल्ली, 14 जनवरी 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को प्रस्तावित विदेश दौरे पर जाने की अनुमति नहीं मिल सकी है। खबर है कि मुख्यमंत्री मान ब्रिटेन और इज़राइल के दौरे पर जाना चाहते थे, लेकिन विदेश मंत्रालय (MEA) ने उन्हें राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। इस दौरे में उनके साथ पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा भी शामिल होने वाले थे, जिन्हें भी अनुमति नहीं दी गई।
सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को फरवरी महीने में यूके और इज़राइल जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए आवश्यक राजनीतिक स्वीकृति देने से मना कर दिया है। वरिष्ठ राजनीतिक पदों पर आसीन नेताओं के लिए विदेश यात्रा से पहले विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी लेना अनिवार्य होता है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री मान के पास डिप्लोमैटिक पासपोर्ट होने के बावजूद उन्हें और उनके साथ जाने वाले अन्य सदस्यों को भी मंजूरी नहीं दी गई। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मान करीब 25 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ 7 से 10 दिनों के विदेश दौरे की योजना बना रहे थे।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री को विदेशों में बसे उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित करना था। पंजाब सरकार मार्च महीने में प्रस्तावित इन्वेस्टर समिट की तैयारी कर रही है, ऐसे में इस विदेश यात्रा को काफी अहम माना जा रहा था।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान को राजनीतिक मंजूरी से वंचित किया गया हो। इससे पहले अगस्त 2024 में भी उन्हें पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय हॉकी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए फ्रांस जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।






