चंडीगढ़, 8 जनवरी 2026 : पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को “सजा देने” संबंधी बयान पर आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। आप नेता बिक्रमजीत पासी ने बाजवा के बयान को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है।
बिक्रमजीत पासी ने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा केवल ख्याली पुलाव पका रहे हैं और ऐसे बयानों का हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की पंजाब की सत्ता में वापसी अब संभव नहीं है। तंज कसते हुए पासी ने कहा, “कांग्रेस की हालत आज सबके सामने है। पार्टी के कई ‘घोड़े’ सिर्फ सत्ता के भूखे हैं और कुर्सी के लिए आपस में ही लड़ रहे हैं।”
आप नेता ने कहा कि इस तरह के बयान केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने और चर्चा में बने रहने के लिए दिए जाते हैं, जिनमें कोई सच्चाई नहीं होती। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान का बचाव करते हुए कहा कि सीएम हमेशा पंजाब के अधिकारों और राज्य के हितों की मजबूती से पैरवी करते हैं। यही मजबूत स्टैंड कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा।
प्रताप सिंह बाजवा को नसीहत देते हुए बिक्रमजीत पासी ने कहा कि वह नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की “बचकानी हरकतों” और गैर-जिम्मेदार बयानबाजी से बचना चाहिए।
बाजवा के बयान और उसके जवाब में आप की इस तीखी प्रतिक्रिया से पंजाब की राजनीति में सरगर्मी और बढ़ गई है। आम आदमी पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि वह विपक्ष के हर हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।






