करनाल / बार्सिलोना, 7 जनवरी 2026: हरियाणा के करनाल ज़िले के एक युवक की स्पेन में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, युवक साइकिल पर फूड डिलीवरी करने जा रहा था। इसी दौरान पहाड़ी इलाके में चढ़ाई करते समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह साइकिल समेत गिर पड़ा।
राहगीरों ने उसे तुरंत नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से मौत की सूचना मिलने के बाद करनाल में रह रहे परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो करनाल के गांव कैमला का रहने वाला था। वह करीब तीन महीने पहले अपनी पत्नी के साथ स्पेन गया था और बार्सिलोना में रह रहा था। डॉक्टरों के मुताबिक, मुकेश की मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है।
परिवार ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुकेश के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाएगा, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद से गांव और परिवार में शोक की लहर है।






