अमृतसर, 5 नवंबर, 2025 : सिखों के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व आज देश-विदेश में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर सुबह से ही सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा।
देश और विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान (इश्नान) किया और गुरु घर में माथा टेककर ‘सरबत दा भला’ की अरदास की। वातावरण “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठा।
रात को भव्य दीपमाला और आतिशबाजी का आयोजन किया गया है। दरबार साहिब को दीपों और फूलों से सुंदरता से सजाया गया है। श्रद्धालु एक-दूसरे को गुरपुरब की मुबारकबाद दे रहे हैं और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर चलने का संकल्प ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे खुद को बेहद खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें इस पवित्र दिन हरमंदिर साहिब में माथा टेकने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने वाहेगुरु से देश और परिवार की अमन-शांति की प्रार्थना की है।
हरमंदिर साहिब परिसर में पूरे दिन कीर्तन, लंगर सेवा और गुरबाणी का पाठ जारी है, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्ति और आनंद से सराबोर है।






