आतंकी हमला कहना जल्दबाज़ी: DIG नानक सिंह
सरहिंद, 24 जनवरी 2026: सरहिंद में बीती रात रेलवे लाइन पर हुए धमाके से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस विस्फोट में एक ट्रेन ड्राइवर के घायल होने की भी सूचना है। घटना को लेकर रोपड़ रेंज के डीआईजी नानक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि धमाका रात करीब 9:50 बजे हुआ था और पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
डीआईजी नानक सिंह ने स्पष्ट किया कि यह एक मामूली विस्फोट था। आतंकी हमले की आशंका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस स्तर पर इसे ‘आतंकी हमला’ कहना जल्दबाज़ी होगी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और सबूत जुटाने का काम किया जा रहा है। रेलवे ट्रैक, आसपास के इलाके और तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।
घटना के बाद सरहिंद क्षेत्र समेत पूरे रेलवे नेटवर्क पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस आपसी तालमेल के साथ काम कर रही है।






